केके हक्कू स्टेडियम में चल रही सब जूनियर हाकी चैंपियनशिप में मंगलवार को एमबीएस सिंबल कैंप ने शहीद भगत सिंह क्लब पर एकतरफा जीत दर्ज की।
विजेता टीम के खिलाड़ियों ने सामने वालों को आगे आने का कोई मौका नहीं दिया और जीत अपनी झोली में डाली।
एमबीएस के खिलाड़ियों ने शुरू से ही प्रतिद्वंद्वियों पर दबाव बनाकर खेला और उन्हें सफलता भी मिली। टीम की ओर से प्रभजोत सिंह ने 6वें ही मिनट में शानदार मूव बनाते हुए बाल को गोल पोस्ट में डालकर 1-0 से बढ़त ले ली। इस गोल के बाद अन्य खिलाड़ियों ने भी जोश दिखाया और पीछे मुड़कर नहीं देखा।
गुरकिरत सिंह ने 20वें मिनट में टीम की ओर से दूसरा शानदार गोल ठोककर बढ़त कायम रखी। इसके बाद मंदीप सिंह ने 35वें मिनट में बाल को गोल पोस्ट में डालकर टीम को 3-0 से बढ़त दिलाई। इस बीच शहीद भगत सिंह क्लब की ओर से जोरावर सिंह ने 36वें मिनट में शानदार गोल ठोककर वापसी की कोशिश की, लेकिन अन्य किसी भी खिलाड़ी के कुछ खास नहीं कर पाने से टीम को हार देखनी पड़ी।
एमबीएस की ओर से गगनप्रीत सिंह ने 45वें मिनट में गोल ठोककर टीम को 4-1 से जीत की दहलीज तक पहुंचाया। इस मुकाबले में अमरजीत सिंह, मंजीत सिंह, सतवीर सिंह, कर्णजीत सिंह, जगजीत सिंह, जोगेंद्र सिंह, जीएस बख्शी ने तकनीकी अधिकारियों ने भूमिका निभाई। मुकाबले को देखने के लिए बड़ी संख्या में हाकी प्रेमी पहुंचे।