भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर घुसपैठ के प्रयास की ताजा घटना ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है। सीमा पर जहां बीएसएफ के जवानों को एहतियातन सतर्क रहने को कहा गया है, वहीं भीतरी इलाकों में भी निगरानी तंत्र को सावधान किया गया है।
जम्मू कश्मीर में शांतिपूर्वक चुनाव संपन्न होने के बावजूद घुसपैठ की आशंका लगातार बनी हुई है। खुफिया तंत्र घुसपैठ के बाबत पहले से कई इनपुट जारी कर चुका है। सीमा से सटी पाकिस्तानी पोस्टों की हलचल पर नजरें गड़ाए खुफिया तंत्र ने चुनाव से पूर्व आतंकी घुसपैठ के लिए आगाह किया था।
चुनाव संपन्न होने के बावजूद घुसपैठ की आशंकाएं लगातार जताई जा रही हैं। इसी क्रम में पाकिस्तानी पोस्ट अभ्याल डोगरा से भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ का प्रयास करवाया गया, जिसे सुरक्षा बलों ने नाकाम कर दिया। माना जा रहा है कि इस तरह के प्रयास और भी हो सकते हैं।
इसे लेकर न सिर्फ सीमा सुरक्षा बल, बल्कि पुलिस को भी सतर्क कर दिया गया है। इधर सीमा रेखा से सटे दरियाई नालों पर सुरक्षा का पहरा कड़ा कर दिया गया है। सीमा से सटे जम्मू-पठानकोट नेशनल हाईवे तक के इलाके पर सुरक्षा का पहरा लगातार जारी है। गौरतलब है कि भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट दरियाई नालों को आतंकी घुसपैठ के लिए इस्तेमाल किया जाता रहा है।