बल्ले बाग इलाके में क्रिकेट मैच के दौरान दो गुटों में हुई जमकर मारपीट में पांच जख्मी हो गए। सभी को तत्काल अखनूर अस्पताल ले जाया गया। जहां तीन की हालत गंभीर होने पर उन्हें जीएमसी रेफर कर दिया गया। विवाद के पीछे क्रिकेट मैच में सट्टे की बात सामने आ रही है।
पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। बताया जाता है कि मारपीट से पहले बल्ले बाग और करंगी में मैच चल रहा था। करंगी की टीम ने चार ओवरों में 68 रन बनाए थे। जवाब में तीन ओवर में बल्ले बाग ने 58 रन ही बनाए थे कि इसी दौरान विवाद हो गया, जिसमें दोनों टीमों के खिलाड़ी भिड़ गए।
एक-दूसरे पर विकेट और बैट से हमला किया गया। इसमें पांच लोग घायल हो गए। घायलों में सुमित सिंह, राकेश सिंह, सौरभ ठाकुर, बाबी और कुलबीर सिंह को गंभीर चोट आई। घायलों को तत्काल अखनूर अस्पताल ले जाया गया। सुमित, राकेश और सौरभ की हालत गंभीर होने पर उन्हें जीएमसी रेफर कर दिया गया।
यहां उनकी हालत में सुधार है। उधर, घटना के बाद पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने घायलों के बयान लेने के बाद अन्य से भी पूछताछ की है।