गुमपुल, पुरखू इलाके में वीरवार की रात साढ़े नौ बजे के आसपास एक जनरल स्टोर में आग लग गई।
आग से दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। स्टोर के बाहर रहने वाले मजदूरों ने जब दुकान से आग की लपटें उठती देखीं, तो उन्होंने शोर मचा दिया। सूचना मिलते ही दुकान का मालिक सुरिंद्र कुमार मौके पर पहुंचा और दमकल विभाग को इस बारे में जानकारी दी। कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया।
दुकान में आग लगने के बाद सूचना मिलने पर दमकल विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। स्टोर के ताले बंद होने से राहत कार्य शुरू करने में दमकल कर्मियों को काफी मुश्किल हुई।
बड़ी कठिनाई से दमकलकर्मियों ने दुकान के ताले तोड़े और पानी की बौछार डालना शुरू किया। इतने समय में स्टोर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया था। मालिक के मुताबिक रोजाना की तरह वे अपनी दुकान बंद कर घर चले गए थे।
आसपास के लोगों ने फोन पर बताया कि स्टोर में आग लग गई है, जिसके बाद वे भागकर वहां पहुंचे। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है। प्राथमिक दृष्टि से मामला शार्ट सर्किट का लग रहा है।