क्षेत्र के ज्यौड़ियां में मोटरसाइकिल पर सवार दंपति और उनके दो साल के बेटे को बस ने टक्कर मार दी। इसमें पति की मौके पर ही मौत हो गई और उसकी पत्नी एवं बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ, जब दंपति अपने दो साल के बेटे का जन्म दिवस मनाने के लिए बाजार से केक और सामान खरीदने के लिए जा रहे थे।
ज्यौड़ियां के चक मोड़ पर पहुंचने पर बस ने टक्कर मार दी। इससे विकास की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी बिंदू गुप्ता घायल हो गईं। इनके दो साल के बेटे मानव का रविवार को जन्म दिवस था। बस चालक मौके से फरार हो गया।
बस में सवार ने ही घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने इसे लेकर मामला दर्ज कर लिया है और बस चालक की तलाश शुरू कर दी है। उधर जिस घर में जन्मदिवस की खुशियां मनाने की तैयारी चल रही थी, वहां अब माहौल गमगीन हो गया है।