चन्नग्रां फीडर की वायरिंग जलने से करीब 15 घंटे बिजली गुल रही। ग्रामीण इलाकों में भी
विद्युत आपूर्ति ठप हो गई।
बुधवार रात और वीरवार को दिन में बिजली का फॉल्ट दूर करने का प्रयास किया गया। घंटों मशक्कत के बाद दोपहर करीब चार बजे विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई।
जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात करीब एक बजे चन्नग्रां फीडर के आउट गोइंग चैनल में चिंगारी फूट पड़ी। देखते ही देखते आग की लपट निकली और आसपास की वायरिंग जलने लगी।
इससे पहले कि बिजली विभाग का अमला फॉल्ट को समझ पाता बिजली आपूर्ति ठप हो चुकी थी। आनन-फानन में बिजली विभाग के कर्मियों ने आपूर्ति बहाल करने के प्रयास शुरू कर दिए, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद वीरवार की दोपहर तक लगातार तकनीकी खराबी को दुरुस्त करने की मशक्कत चलती रही।
ट्रांसमिशन विंग के कार्यकारी अभियंता ने बताया कि फॉल्ट के दौरान आग से वायरिंग बुरी तरह से जल गई। चन्नग्रां फीडर सहित अन्य इलाकाें की बिजली को भी कुछ समय के लिए ठप करना पड़ा।
बाद दोपहर चार बजे वैकल्पिक व्यवस्था कर बिजली को बहाल कर दिया गया। उन्होंने बताया कि चन्नग्रां फीडर में आई खराबी से शहर के मुख्य बाजार सहित आधे शहर और ग्रामीण इलाकों तक असर रहा। वायरिंग को पूरी तरह से बदलने पर ही बिजली को बहाल किया जा सका।