डिग्री कालेज के एक विद्यार्थी ने मंगलवार को कालेज में बिना हेलमेट के नहीं जाने और चालान काटे जाने पर हंगामा कर दिया। इतना ही नहीं, छात्र ने हेलमेट नहीं पहने अन्य विद्यार्थियों, जिसमें लड़कियां भी शामिल थीं और कालेज के स्टाफ सदस्यों के भी चालान कटवा दिए। इसके कारण कालेज के गेट पर बड़ी भीड़ जमा हो गई। इस दौरान डीटीआई के साथ विद्यार्थियों की बहस भी हुई। हालांकि, अधिकारी ने स्थिति को जल्द ही संभाल लिया।
दरअसल हुआ यूं कि मंगलवार को जब कालेज के प्रिंसिपल ने बिना हेलमेट पहने छात्र को कालेज में घुसने नहीं दिया। इसके साथ ही गेट के बाहर नाका लगाए जिला परिवहन अधिकारी (डीटीआई) ने उसका चालान काट दिया।
छात्र ने चालान तो कटवा लिया, लेकिन इसके बाद बिना हेलमेट के कालेज में जा रहीं स्कूटी सवार लड़कियों का चालान नहीं काटे जाने पर हंगामा कर दिया। छात्र ने कहा कि अगर उसका चालान काटा जा सकता है तो फिर छात्राओं के लिए कानून अलग क्यों। इतना सुनते ही डीटीआई ने लड़कियों का भी चालान काट दिया।
इसके बाद स्टाफ सदस्यों ने उसके द्वारा किए गए हंगामे पर समझाने की कोशिश की तो उसने अपना तर्क को बरकरार रखते हुए कहा कि स्टाफ सदस्य भी बिना हेलमेट के बाइक पर कालेज में आ रहे हैं। हंगामे के कारण मौके पर भीड़ जमा हो गई थी।
इसके बाद डीटीआई को तीन स्टाफ सदस्यों का भी बिना हेलमेट के वाहन चलाने के लिए चालान काटना पड़ा। इसके कारण ही डीटीआई की मौके पर आए अन्य विद्यार्थियों के साथ बहस भी हो गई। डीटीआई ने स्थिति को संभालते हुए नाका हटा दिया, लेकिन विद्यार्थी द्वारा चालान कटवाने की बात पूरे कालेज में चर्चा का विषय बनी रही।