जम्मू। जम्म स्थित कल्चरल एकेडमी का एकमात्र सभागार अभिनव थियेटर ढाई वर्षों से बंद है। इस सुविधा संपन्न थियेटर के बंद होने से जम्मू की कला, संस्कृति तथा बहुभाषी कार्यक्रमों को मंच नहीं मिल पा रहा है। इसके चलते स्थानीय रंगकर्मियों एवं कलाकारों में मायूसी है। वे थियेटर के नवीनीकरण का कार्य पूरे होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
गौरतलब है कि जम्मू कनाल रोड पर 1978 में जम्मू-कश्मीर भाषा, कला व संस्कृति अकादमी की ओर से इसका निर्माण करवाया गया था। इसके बाद 1999 में इसकी ध्वनि एवं प्रकाश की व्यवस्था में आवश्यकता के मुताबिक मरम्मत कर सुधार करवाया गया था। जानकारी के मुताबिक ढाई साल पहले अभिनव थियेटर को अत्याधुनिक तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से सात करोड़ का प्रोजेक्ट तैयार करवाया गया था, जिसमें साठ प्रतिशत केंद्र सरकार तथा चालीस प्रतिशत राज्य सरकार की फंडिंग का प्रावधान बना हुआ है। अभिनव थियेटर के कायाकल्प के लिए राज्य सरकार की फंडिंग से काम जारी है, जबकि केंद्र सरकार की ओर से साठ फीसदी फंडिंग का अभी तक इंतजार किया जा रहा है।