जम्मू। जेएंडके स्टेट पैरामेडिकल काउंसिल की ओर से पैरामेडिकल कोर्सों के लिए आगामी चार अगस्त से विभिन्न विषयों की परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। यह परीक्षाएं आगामी नौ अगस्त तक जारी रहेंगी। इसमें जम्मू के अलावा उधमपुर, कठुआ, राजोरी, पुंछ और डोडा में भी परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिसमें सरकारी और निजी संस्थानों से हजारों विद्यार्थी बैठेंगे। काउंसिल के उपप्रधान एवं जीएमसी के प्रिंसिपल डा. घनश्याम देव गुप्ता के अनुसार परीक्षा केंद्रों संबंधी जानकारी के लिए उम्मीदवार पहली और दो अगस्त को कंट्रोलर एग्जामिनेशन कार्यालय, जेएंडके स्टेट पैरा मेडिकल काउंसिल, बायोकेमिस्ट्री विभाग जीएमसी जम्मू में कार्यालय समय में संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा जिला स्तर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी से संपर्क किया जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि पूर्व की परीक्षाओं में दस फीसदी से भी कम नतीजे घोषित करने पर जीएमसी प्रशासन को विद्यार्थियों का भारी विरोध झेलना पड़ा था। पिछली बार जम्मू में ही अधिकांश परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए थे। जिससे जिला स्तर के परीक्षार्थियों को भी यही आना पड़ा था। लेकिन इस बार संबंधित जिलों में ही परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। काउंसिल के शेड्यूल के मुताबिक महिला कालेज परेड और गांधीनगर में आगामी 4-5 अगस्त को फीमेलमल्टीपर्पज हेल्थ वर्कर-1 की परीक्षाएं आयोजित होंगी। इन्हीं कालेजों में आगामी 6-7 अगस्त को फीमेलमल्टीपर्पज हेल्थ वर्कर-2, एमएमपीएचब्ल्यू-2, जीएनएम-3, डी फार्मा-2, आपथ-1, ओटीटी-1, सेनिटेशन इंस्पेक्टर-1 और 2 के लिए परीक्षाएं आयोजित होंगी। मेडिकल कालेज जम्मू बख्शीनगर जम्मू और गवर्नमेंट एएनएमटी स्कूल बख्शी नगर जम्मू में आगामी 9 अगस्त को मेडिकल असिस्टेंट-1, लैब असिस्टेंट-1, 2, एक्सरे-1, 2, डेंटल असिस्टेंट1,2 और जीएनएम-4 वर्ष के लिए परीक्षाएं आयोजित होंगी। इसके अलावा आगामी 4-9 अगस्त को गवर्नमेंट ब्वायज हायर सेकेंडरी स्कूल उधमपुर, ब्वायज डिग्री कालेज कठुआ, एनएमटी स्कूल जवाहर नगर राजोरी, गवर्नमेंट गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल शीशमहल पुंछ और न्यू जिला हास्पिटल डोडा में डेटशीट के मुताबिक परीक्षाएं आयोजित होंगी।