जम्मू। सूरज ढलने के बाद जम्मू में वीरवार की शाम सावन की फुहार पड़ने से शहरवासियों को गर्मी एवं उमस से राहत मिली। शहर के विभिन्न हिस्सों में पड़ी फुहार ने जहां दिन की गर्मी को धो डाला, वहीं इससे दिन भर पड़ी गर्मी से निजात लोगों को मिली। इससे पहले रात नौ बजे के बाद आसमान पर बादलों का डेरा जम गया तथा हलकी हवाओं के साथ मौसम ने करवट ली और बूंदाबांदी शुरू हो गई, जिसका शहरवासियों ने खूब आनंद लिया।
उधर, देर रात तक सांबा में बादल तो घिरे रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई थी। हालांकि मानसून माह जून-जुलाई में सामान्य से कम बारिश होने के बाद अब किसानों की निगाहें अगस्त माह में होने वाली बारिश पर टिक गई हैं। पिछले चौबीस घंटों के अंदर जम्मू में बारिश नहीं हुई, जबकि कटड़ा में मात्र 1.6 मिमी बारिश दर्ज हुई। जम्मू में सामान्य से 51 फीसदी कम बारिश रिकार्ड की गई है जिससे किसानों की चिंता बढ़नेे लगी है। श्रीनगर स्थित मौसम विभाग का अनुमान है कि अगस्त माह के पहले सप्ताह में भी सामान्य से कम बारिश कहीं-कहीं हो सकती है।
वहीं, जम्मू में जून-जुलाई में 188 मिमी से कुछ अधिक वर्षा रिकार्ड की गई, जो सामान्य वर्षा 388 मिमी से करीब 51 फीसदी कम है। दूसरी ओर, पूरे राज्य में भी सामान्य से 45 फीसदी कम बारिश जून-जुलाई माह में दर्ज की गई है। इस प्रकार से सामान्य से कम हो रही बारिश से किसानों की खेतीबाड़ी पर व्यापक असर पड़ा है। खासतौर से जम्मू के कंडी क्षेत्रों एवं सीमावर्ती गांवों में रहने वाले किसानों को लगातार चिंता सताने लगी है।