जम्मू। भगवती नगर आधार शिविर से मंगलवार को 1315 अमरनाथ यात्रियों का जत्था रवाना हुआ। बम-बम भोले का जयघोष करते हुए निकले इस जत्थे में 898 पुरुष, 310 महिलाएं, 7 बच्चे और 100 साधु शामिल रहे।
पारंपरिक पहलगाम मार्ग से बाबा के दरबार में पहुंचने वाले भक्तों की संख्या में खूब इजाफा हो रहा है। इसके अलावा बड़ी संख्या में श्रद्धालु सीधे दर्शन के लिए निकल रहे हैं। जम्मू में गर्मी और उमस के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आई है।
आधार शिविर से 42 छोटे-बड़े वाहन भोलेनाथ के भक्तों को लेकर रवाना किए गए। इसके पहले आधार शिविर में भक्तों ने भजन कीर्तन कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। देशभर से बड़ी संख्या में ऐसे यात्री भी पहुंच रहे हैं, जिनका पंजीकरण अगली तिथियों के लिए हुआ है, लेकिन वे जल्द दर्शन के लिए आन स्पाट पंजीकरण को तवज्जो दे रहे हैं। यहां रोजाना बड़ी संख्या में भोले के भक्त पहुंच रहे हैं।