जम्मू। गर्मी और उमस भरे मौसम में संभाग खासतौर से जम्मू जिले के कई इलाकों में हर घंटे बाद बिजली कटौती के टार्चर से हाहाकार की स्थिति है। आठ से चौदह घंटे तक बिजली की कटौती से लोगों में हाहाकार की स्थिति बनी हुई है।
ओवरलोड से हांफ रहे कनाल ग्रिड स्टेशन के अंतर्गत आने वाले इलाकों में हर घंटे के बाद बिजली कट लग रहा है। करीब बारह घंटे की बिजली कटौती हो रही है। ढांचागत खराबी आने या फिर ट्रांसफार्मर जलने वाले इलाकों में कई कई दिन तक बिजली गुल रहने से लोग बेहाल हैं।
आधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जुलाई महीने में बिजली विभाग को बारिश से बिजली ढांचे खासतौर से ग्रिड स्टेशनों पर ओवरलोड में कमी आने की उम्मीद थी लेकिन 21 जुलाई होने के बावजूद भी जम्मू संभाग में कमजोर मानसून ही बना हुआ है। इस वजह से विभाग की मुश्किलें बढ़ गई है और सिस्टम पर ओवरलोड कम होने के बजाय बढ़ने से अघोषित कटौती से उपभोक्ताओं को राहत नहीं मिल पा रही है।
बिजली विभाग की ईएमएंडआरई डिवीजन जम्मू की चीफ इंजीनियर शहनाज गोनी का कहना है कि कमजोर मानसून की वजह से बिजली सिस्टम पर ओवरलोड लगातार बना हुआ है। इस वजह से बिजली विभाग को अघोषित कटौती करने को मजबूर होना पड़ रहा है। ओवरलोड से हांफ रहे कनाल ग्रिड स्टेशन का कुछ लोड मीरां साहिब स्टेशन पर शिफ्ट करने की योजना तैयार की गई है। इसके बाद कनाल ग्रिड से बिजली सप्लाई होने वाले इलाकों में राहत मिलने की उम्मीद है।