जम्मू। दूसरे कट आफ मेरिट के आधार पर दाखिले दिए जाने के बाद शनिवार को शहर के विभिन्न कालेजों में तीसरी कट आफ मेरिट जारी की गई। शनिवार को सरकारी छुट्टी होने के बावजूद भी कुछ कालेजों में मेरिट सूची लगाई गई साथ ही कुछ कालेजों में विद्यार्थियों को दाखिला भी दिया गया। कालेजों में जारी किए तीसरे कट आफ लिस्ट में अब भी बायोटेक्नालाजी और कंप्यूटर एप्लीकेशन विषय में सबसे ज्यादा दबदबा रहा। वहीं कुछ कालेजों में विभिन्न विषयों की सीटें ही खत्म हो गई। परेड स्थित महिला कालेज में मेडिकल का कट आफ 62.6 प्रतिशत तक गया, जबकि नान मेडिकल विषय में 50.2 प्रतिशत तक गया। कालेज के प्रोफेसर भारत ने बताया कि कालेज में बीसीए, इलेक्ट्रानिक्स, बायोटेक्नालाजी और अन्य विषयों की सभी सीटें खत्म हो गईं हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार को सरकारी छुट्टी होने के बावजूद भी कालेज प्रशासन की ओर से दाखिले के लिए कालेज को खोला गया था। वहीं मेरिट सूची देखने के लिए आ रही छात्राओं ने अपना दाखिला भी करवाया। वहीं जीजीएम साइंस कालेज में जियोलाजी, कंप्यूटर एप्लीकेशन, बीसीए और जियोग्राफी विषय में 70 प्रतिशत तक कट आफ गया। वहीं बायोटेक्नोलाजी, फंक्शनल इंग्लिश और फिजिक्स, इलेक्ट्रानिक्स, गणित विषय के कांबिनेशन में 65 प्रतिशत तक का कट आफ मेरिट गया, जबकि फिजिक्स, केमिस्ट्री, गणित के कांबिनेशन और बाटनी, जूलोजी, केमिस्ट्री विषय के कंबिनेशन में 45 प्रतिशत तक का कट आफ मेरिट गया। कालेज के प्रोफेसर बांबरू ने बताया कि विद्यार्थियों की सुविधा को देखते हुए रविवार को भी कालेज परिसर को खोला जाएगा। वहीं तीसरी कट आफ लिस्ट में शामिल हुए विद्यार्थी रविवार को भी कालेज में पहुंचकर अपना दाखिला करवा सकते हैं। इसके अलावा महिला कालेज गांधी नगर में भी कट आफ लिस्ट जारी किया गया, जिसमें बायोटेक्नोलाजी में 89.06, स्टैटिक्स में 68.4, जियोग्राफी में 81, फूड साइंस में 77, मेडिकल में 71, नान मेडिकल में 59.4, कामर्स में 67.2 और आर्ट में 39.40 प्रतिशत तक का कट आफ मेरिट गया।