जम्मू। विश्वविद्यालय जम्मू में सोमवार के घटनाक्रम के बाद गठित कमेटी के सदस्यों के साथ मंगलवार को शोधकर्ताओं ने मुलाकात की। तीन घंटों से ज्यादा देर तक चलने वाली मैराथन बैठक में शोधकर्ताओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में शोधकर्ताओं ने जिन मुद्दों को उठाया, उनमें विभिन्न विभागों की डीआरसी के आयोजन में देरी होना, नेट पास किए उम्मीदवारों को शोध के लिए दाखिला देना आदि शामिल था। शोधकर्ताओं ने इस मौके पर विभिन्न विभागों को बंद करने या उनका विलय किसी दूसरे विभाग में करने की योजना का भी विरोध किया। बैठक में विरोध प्रदर्शनों का नेतृत्व कर रहे वीरेेंद्र सिंह के साथ पुलिस की मारपीट के मसले को भी शोधकर्ताओं ने उठाने की कोशिश की लेकिन कमेटी के सदस्यों ने इस मसले को उठाने की अनुमति नहीं दी। बैठक में सकारात्मक माहौल रहा और कमेटी के सदस्यों ने आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा। फिजिक्स विभाग में आयोजित होने वाली बैठक में कमेटी के अध्यक्ष प्रो. रजनीकांत के अलावा अन्य दो सदस्य डा. परीक्षित मन्हास और डा. अरविंद जसरोटिया शामिल थे। शोधकर्ताओं के प्रतिनिधिमंडल में प्रद्युम्न सिंह, वीरेंद्र सिंह, अंजू बाला, ऋतु, अजय आदि शामिल थे।