जम्मू (ब्यूरो)। 101वीं साइंस कांग्रेस के तहत तीन फरवरी को सबसे पहले ‘रोल आफ साइंस, टेक्नोलॉजी एंड इनोवेशन इन इंश्योरिंग ससटेनेबल इनक्लूसिव डेवलपमेंट’ पर पैनल डिस्कशन होगी। मुख्य पंडाल में आयोजित होने वाली इस चर्चा की शुरुआत सुबह 11:30 बजे से होगी, जिसकी अध्यक्षता इंडियन साइंस कांग्रेस के जनरल प्रेजीडेंट डा. आरसी सोबती और डा. कृष्ण लाल करेंगे। इसमें बारह-बारह मिनट के लिए नोबेल पुरस्कार विजेता और आईसीएसयू के अध्यक्ष प्रो. वाईटी ली, साइंस काउंसिल आफ जापान के अध्यक्ष प्रो. टी आनिशी, साउथ अफ्रीकन अकेडमी आफ साइंस के अध्यक्ष प्रो. दया रेड्डी, डीएसटी के सचिव डा. टी रामासैमी, प्रो. जी मेहता और प्रो. आर गडागकर अपने विचार रखेंगे। उसके बाद परिचर्चा होगी। पहले दिन दो बजे से दूसरा सेशन भी मुख्य पंडाल में होगा, जिसमें ‘मेगा इवेंट इन जियो साइंस’ पर चर्चा होगी। इसमें अर्थ साइंस मंत्रालय से रविंद्रन रसिक, बीके बंसल, इंडियन नेशनल साइंस अकादमी के वीवी डिमरी, डीएम बनर्जी, माइन मंत्रालय से डीएस मिश्रा और वीके वधावन संक्षिप्त में अपनी प्रस्तुतियां पेश करेंगे। तीन फरवरी को जनरल जोरावर सिंह सभागार में दोपहर बाद सवा तीन बजे से प्रो. जगदीश चंद्र बोस स्पेशल लेक्चर होगा, जिसमें भारत रत्न डा. सीएनआर राव मुख्य स्पीकर होंगे। तीन फरवरी को शाम चार बजे जनरल जोरावर सिंह सभागार पर डा. जीपी चैटर्जी इंडोवमेंट लेक्चर और शाम 4:45 मिनट से विशेष इवनिंग लेक्चर होंगे।