जम्मू। राष्ट्रीय कांग्रेस कमेटी के उपप्रधान राहुल गांधी नवंबर महीने के दूसरे सप्ताह में शीतकालीन राजधानी जम्मू के दौरे पर आएंगे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी राहुल गांधी के दौरे की तैयारियों में जुटी है। छह और सात नवंबर को दो दिवसीय दौरे का कार्यक्रम तैयार किया जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रो. सैफुद्दीन सोज के अनुसार राहुल गांधी के दौरे की तैयारी चल रही है।
कांग्रेस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार राहुल गांधी का प्रस्तावित दौरा छह और सात नवंबर का हो सकता है।
छह नवंबर को प्रदेश स्तर के कांग्रेस नेताओं की बैठक में राहुल गांधी संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा करने का कार्यक्रम तैयार किया जा रहा है। सात नवंबर को जम्मू में मंडल स्तर के पंचायत सम्मेलन में राहुल गांधी मुख्य अतिथि रहेंगे। आल जेएंडके पंचायत कांफ्रेंस के चेयरमैन एवं हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए शफीक मीर का कहना है कि राहुल गांधी ने चार अक्तूबर 2012 को श्रीनगर में मंडल स्तर के पंचायत सम्मेलन को संबोधित किया था। जम्मू में भी राहुल गांधी के कार्यक्रम की बेसब्री से प्रतीक्षा की जा रही थी। नवंबर महीने के दूसरे सप्ताह में राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे का कार्यक्रम है। पंचायती एक्ट में 73वें संशोधन पर सरपंच और पंच एकजुट हैं और कांग्रेस भी यह संशोधन चाहती है। ऐसे में राहुल गांधी का दौरा काफी अहम माना जा रहा है।