कटड़ा। धर्मनगरी में मौजूदा समय में सबसे अधिक व्यवसाय ड्राई फ्रूट खास कर अखरोट से जुड़ा है। पिछले कुछ समय से कम गुणवत्ता वाला अखरोट, जिसे बाटा के नाम से जाना जाता है, उसने व्यापारियों की नींद इस कदर हराम कर दी है कि उन्हें अब इस व्यवसाय को लेकर चिंता होेने लगी है।
धर्मनगरी कटड़ा व भवन मार्ग पर मौजूदा समय में दो सौ से भी अधिक दुकानें ड्राई फ्रूट की हैं, जिन पर सबसे अधिक बिक्री अखरोट की होती है। लेकिन पिछले कुछ समय से बाटा नामक अखरोट ने व्यवसाय पर बट्टा लगाने का कार्य किया है। बाटा अखरोट देखने में असली अखरोट की तरह होता है, लेकिन उसे तोड़ना मुश्किल होता है। उसमें से गिरी भी नहीं निकाली जा सकती है। कई दुकानदार सही गुणवत्ता का बताकर बाटा को थमा देते हैं। घर पहुंचने पर यात्रियों को धोखाधड़ी की जानकारी होती है।