जम्मू। विश्वविद्यालय के मैदान पर खेली जा रही आल इंडिया वाइस चांसलर ट्वंटी-20 क्रिकेट चैंपियनशिप के तहत वीरवार को चार मैच खेले गए। इन मैचाें में यूनिवर्सिटी आफ जम्मू ने पीयू लुधियाना, पुणे यूनिवर्सिटी ने जामिया मलिया, मुंबई यूनिवर्सिटी ने एजूकेशन बोर्ड अजमेर और स्कास्ट कश्मीर ने दिल्ली यूनिवर्सिटी को हराया।
जम्मू यूनिवर्सिटी और पीयू लुधियाना के बीच खेला गया मैच एकतरफा ही रहा, जिसमें जम्मू ने 69 रनाें से जीत दर्ज की। जम्मू विवि ने टास जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने निर्धारित बीस ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर 183 रनों का लक्ष्य खड़ा किया। टीम की ओर से राज कुमार ने शानदार अर्द्धशतक ठोकते हुए साठ रन बनाए। इसके अलावा आकाश भोला ने 43, राजेश वर्मा ने छब्बीस और ए टगोत्रा ने 18 रनों का योगदान दिया। जीत के लिए लक्ष्य का पीछा करने उतरी पीयू लुधियाना की टीम 19.3 ओवरों में 114 रन ही बना सकी। टीम की ओर से जगतार ने सबसे ज्यादा 37 रन बनाए। इसके अलावा कृष्ण कुमार ने 17 रन बनाए। जम्मू यूनिवर्सिटी की ओर से पवन सिंह और एन सिंह ने तीन-तीन विकेट हासिल कर जीत में अहम भूमिका निभाई। मैच में अर्द्धशतक ठोकने के लिए राज कुमार को मैन आफ द मैच पुरस्कार दिया गया।
पुणे यूनिवर्सिटी और जामिया मलिया के बीच खेला गया मैच पुणे यूनिवर्सिटी ने पांच विकेट से अपने नाम किया। टास जीत कर जामिया मलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित बीस ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 119 रन बनाए। टीम में अदील अहमद ने अर्द्धशतक ठोकते हुए 52 रन, जबकि मोहम्मद उस्मान और वजाहत उल्लाह खान ने बारह रनों का योगदान दिया। गेंदबाजी में संतोष ने सबसे ज्यादा तीन विकेट अपने नाम किए। जीत के लिए 120 रनों का लक्ष्य पुणे यूनिवर्सिटी ने 18.3 ओवरों में पांच विकेट खो कर हासिल कर लिया। टीम की ओर से नलिन प्रसाद ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 45 रन बना कर जीत में अहम भूमिका निभाते हुए मैन आफ द मैच अपने नाम किया। इसके अलावा विनोद ने 289 और अरविंद ने बीस रनों का योगदान दिया। गेंदबाजी में संजय और साद ने दो दो विकेट लिए।
मुंबई यूनिवर्सिटी और एजूकेशन बोर्ड अजमेर के बीच खेला गया मैच भी एकतरफा रहा, जिसमें मुंबई ने 51 रनों से जीत अपने नाम की। टास जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई यूनिवर्सिटी की टीम ने निर्धारित ओवरों में 157 रन बनाए। टीम की ओर से अनिल ने 38, अशोक ने 33 और संजय ने इक्कीस रन बनाए। गेंदबाजी में अजमेर की ओर से विनोद ने चार, जबकि विजय ने तीन विकेट लिए। जीत के लिए 158 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अजमेर की टीम बीस ओवरों में सात विकेट खो कर 106 रन ही बना सकी। टीम की ओर से शैलेंदु ने पैंतीस, जबकि विनोद ने 17, अविनाश ने 13 और हर्ष ने 11 रन बनाए। गेंदबाजी में मुंबई यूनिवर्सिटी के चंद्रकांत ने तीन विकेट लिए। घातक गेंदबाजी के लिए चंद्रकांत को मैन आफ द मैच पुरस्कार दिया गया।
स्कास्ट कश्मीर ने दिल्ली यूनिवर्सिटी को सात विकेट से हराया। दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम की ओर से संजय ने अर्द्धशतक ठोकते हुए 55 रन बनाए जबकि नरेंद्र ने 32 और संजय के ने उन्नीस रनों का योगदान दिया। जीत के लिए 139 रनों का लक्ष्य स्कास्ट कश्मीर ने तीन विकेट खो कर हासिल कर लिया। टीम की ओर से गौहर ने 64 रन बना कर जीत में अहम भूमिका निभाई। इम्तियाज ने 33 और रिफ्त ने उन्नीस रन बनाए। अर्द्धशतक ठोकने के लिए स्कास्ट कश्मीर के गौहर को मैन आफ द मैच मिला।