जम्मू। सुपर बाजार जम्मू ने सहकारिता सप्ताह मनाया। इस संबंध में रविवार को आयोजित किए गए कार्यक्रम में सहकारिता और वित्त राज्य मंत्री डा. मनोहर लाल शर्मा मुख्य अतिथि रहे। मंत्री ने सुपर बाजार जम्मू के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि कर्मचारियों के परिश्रम की वजह से संस्थान मुनाफा कमा रहा है। पिछले तीन सालों में प्रबंधन ने कई बड़े कदम उठाए है इस वजह से संस्थान की वित्तीय हालत में लगातार सुधार आ रहा है।
उन्होंने कहा कि लोगों का विश्वास सहकारिता क्षेत्र में बना हुआ है। उन्होंने कहा कि कोआपरेटिव मेडिकल स्टोर हो या फिर जैकफेड, उपभोक्ताओं को बाजार से रियायत देने की कोशिश की जाती है। मौजूदा समय में कोआपरेटिव मेडिकल स्टोर में सर्जिकल उत्पादों पर करीब पचास फीसदी छूट दी जा रही है। अन्य दवाइयों पर पांच फीसदी तक की छूट है।
कोआपरेटिव रजिस्ट्रार सुदर्शन शर्मा और कोआपरेटिव यूनियन के चेयरमैन राजेश शर्मा ने सहकारिता के महत्त्व पर प्रकाश डाला। सुपर बाजार के प्रशासन रोहित खजूरिया ने संस्थान की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पिछले वित्त वर्ष में संस्थान ने दस करोड़ का बिजनेस किया और करीब 60 लाख का शुद्ध मुनाफा कमाया। इस अवसर जेएंडके हाउसिंग कोआपरेटिव फेडरेशन के चेयरमैन बीके मग्गू, पूर्व विधायक शोयब लोन, पदमश्री एसपी वर्मा आदि भी मौजूद रहें।