जम्मू। सिमुला इलेवन ने अपने जीत अभियान को जारी रखते हुए यंग स्टार इलेवन को पांच विकेट से पछाड़कर ईद दिवाली मिलन क्रिकेट कप 2012 के सेमिफाइनल में प्रवेश किया। इसी तरह एसीसी इलेवन और ईशर ने भी प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़कर अगले दौर में जगह बनाई। इन मुकाबलों में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए शशि, बलवीर और पारस को मैन आफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया।
एमए स्टेडियम में रविवार को हुए क्वार्टर फाइनल मुकाबले में यंग स्टार ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.3 ओवर में 124 रनों का स्कोर खड़ा किया। रोहित ने 24 गेंदों पर तीन चौकों से 33 रनों का योगदान दिया। ऋतिक और निपुण ने 25 तथा 19 रनों का योगदान दिया। सिमुला इलेवन की ओर से शशि, समीर और हिलाल राथर ने तीन, दो और एक बल्लेबाज को पवेलियन भेजा। इसके जवाब में सिमुला इलेवन के बल्लेबाजों ने 19 ओवर में पांच विकेट गंवाकर जीत दर्ज कर ली। शशि ने 24 गेंदों पर चार चौकों से 28 रन जोड़े। अशोक और समीर ने 26 तथा 18 रन जुटाए। वाईएससी की ओर से आकाश, साहिल और रमण ने 2-2 और एक विकेट चटकाया। दूसरे लीग मुकाबले में टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दूरदर्शन इलेवन ने 16 ओवर के मुकाबले में छह विकेट पर 132 रनों का स्कोर खड़ा किया। संजू ने 38 गेंदों पर नौ चौकों और एक छक्के से 66 रन टीम के खाते में जोड़े। इसके जवाब में एयरसेल इलेवन ने 12 ओवर में एक विकेट गंवाकर जीत दर्ज कर ली। तीसरे मैच में 10 ओवर के मुकाबले में ईशर इलेवन ने एक 136 रनों का स्कोर खड़ा किया। सलामी बल्लेबाज शुभम ने 58 गेंदों पर सर्वाधिक 60 रनों की पारी खेली। एचपीसीसी इलेवन की ओर से तजुंबल ने एक विकेट गिराया, लेकिन इसके जवाब में टीम के बल्लेबाज निर्धारित ओवर में सात विकेट गंवाकर सिर्फ 78 रन ही जुटा पाए।