जम्मू। टेलीकाम एडवाईजरी कमेटी (टीएसी) की बैठक में टेलीकाम अधिकारियों पर टेेंडर जारी करने में धोखाधड़ी करने के आरोप लगाए गए। कमेटी के को-चेयरमैन सांसद मदन लाल शर्मा ने टेलीकाम विभाग के अधिकारियों को इस मामले की जांच कराने के आदेश दिए।
त्रिकुटानगर स्थित टेलीफोन एक्सचेंज कार्यालय में टीएसी के सदस्योें की बैठक हुई। इस बैठक में टीएसी सदस्य विशाल चोपड़ा ने आरोप लगाया कि एक लाख का काम 21 लाख रुपये में दिए जाने की रिपोर्ट है। इसकी जांच की जानी चाहिए।
इसके अलावा टेलीफोन विभाग के कर्मचारियों का व्यवहार भी सही नहीं है और ग्राहकों से बदसलूकी करते हैं। उन्होंने कहा मेकेनिक को क्लर्क बना दिया गया है। इस दौरान टेलीफोन सेवा में सुधार की कई सलाह दी गईं। यह भी बताया गया है कि टीएसी बैठक में अगर कोई भी सलाह दी जाती है, तो उस पर अमल नहीं किया जाता है। सांसद मदन लाल ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा, टीएसी बैठक में अगर कोई सलाह दी जाती है तो अधिकारी गण उसका अमल करें। अमल नहीं होने के कारण ही विभाग की छवि खराब हो रही है। टीएसी इसलिए बनाई गई है कि कमीपेश को पूरा किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को व्यवहार में सुधार लाने की भी अपील की।