जम्मू। एमए स्टेडियम में चल रहे ईद-दीवाली मिलन क्रिकेट कप 2012 में वीरवार को रोमांचक मुकाबले में एचपीसीसी इलेवन ने एफसीसी को मात्र तीन रनों से पछाड़कर अगले दौर में प्रवेश किया। एक अन्य मुकाबले में सिमुला इलेवन ने अपने जीत अभियान को जारी रखते हुए यंग स्टार इलेवन को 84 रनों से शिकस्त दी। इन मुकाबलों में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए फ्रेंड्स इलेवन के साहिल गिल और सिमुला के अतुल को मैन आफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया।
टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए एचपीसीसी इलेवन ने निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट गंवाकर 144 रनों का स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में एफसीसी इलेवन के बल्लेबाज निर्धारित ओवर में छह विकेट पर 141 रन ही जुटा पाए और उन्हें सिर्फ तीन रन से ही हार देखनी पड़ी। एक अन्य मुकाबले में सिमुला इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवर में दो विकेट पर 225 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरे वाईसीसी के बल्लेबाज निर्धारित ओवर में नौ विकेट पर 141 रन ही जुटा पाए। निपुण ने दो चौकों से 28 गेंदों पर सर्वाधिक 27 रन जुटाए। आकाश और रोहित ने क्रमश 25 तथा 16 रनों का योगदान दिया। सिमुला इलेवन की ओर से समीर, पृथपाल, विक्रम, राकी, वरुण ने 2,2,1,1,1 और 1 विकेट चटकाया। इन मुकाबलों में सुहेल, सद्दीक, अश्विनी और पुनीत ने तकनीकी अधिकारियों की भूमिका निभाई।