जम्मू। जीजीएम साइंस कालेज के हास्टल ग्राउंड पर चल रहे रणजी ट्राफी-सी टूर्नामेंट में सबके आकर्षण का केंद्र बने टीम इंडिया के सदस्य और आईपीएल से धमाकेदार शुरुआत करने वाले सौरभ सुनील तिवारी का बल्ला खूब चला। सौरभ ने 72 रनों की शानदार पारी खेलकर झारखंड को मजबूत स्थिति तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। उनका कहना है कि ऊंचाई तक पहुंचने के लिए नतीजों के बजाय बेहतर प्रदर्शन पर ज्यादा ध्यान केंद्रित होना चाहिए। किसी भी सफलता के लिए लक्ष्य निर्धारित करना जरूरी है।
वर्ष 2009-10 में झारखंड की ओर से रणजी ट्राफी में तीन शतक और आईपीएल 2010 में मुंबई इंडियन में मध्यक्रम में उतरकर तीन अर्द्धशतक ठोकने वाले सौरभ चौथी बार मंदिरों के शहर में पहुंचे। अमर उजाला से बातचीत में सौरभ ने कहा कि आईपीएल में कोई बुराई नहीं है। यह युवा क्रिकेटरों के लिए आगे आने का अच्छा प्लेटफार्म है। जम्मू-कश्मीर के खिलाड़ियों की प्रशंसा करते हुए सौरभ कहते हैं कि यहां के विकेट में और सुधार लाकर क्रिकेट को बढ़ावा दिया जा सकता है। देश में क्रिकेट में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन उसे आगे लाने की जरूरत है। वह हर सीजन में अपना एक लक्ष्य लेकर मैदान पर उतरते हैं। वर्ष 2008 में अंडर 19 ट्राई सीरीज में साउथ अफ्रीका और बांग्लादेश को पछाड़कर जीत दर्ज करने वाली टीम का सदस्य रहे सौरभ कहते हैं कि युवा क्रिकेटर लग्न और कड़ी मेहनत से किसी भी लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में भी क्रिकेट को ऊपर लाने के लिए और प्रयास किए जाने चाहिएं। इस दौरान मैदान पर सौरभ के चाहने वालों का दिनभर तांता लगा रहा। किसी में आटोग्राफ तो किसी में फोटो खिंचवाने की होड़ लगी रही। सौरभ ने भी अपने फैंस को निराश नहीं किया।