जम्मू। एफडीआई पर रविवार को भाजपा की एक दिवसीय वर्कशाप का आयोजन किया। इसका मकसद एफडीआई से देश और अवाम को होने वाले नुकसान से पार्टी कैडर और पदाधिकारियों को अवगत कराना था। वर्कशाप में बाकायदा भाजपा के राष्ट्रीय प्रचार सचिव नलिन कोहली ने चर्चा में भाग लेते हुए एफडीआई की खामियां गिनाई। वर्कशाप की अध्यक्षता प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमशेर सिंह मन्हास ने की।
नलिन कोहली ने कहा कि एफडीआई के लागू होने से देश का करोड़ों की तादाद में छोटा व्यापारिक तबका तबाह हो जाएगा। नतीजतन इससे देश की जनसंख्या का एक बड़ा वर्ग प्रभावित होगा। नलिन कोहली के मुताबिक भारत में लोगों द्वारा की जाने वाली सेविंग का रेट अधिक है। वेस्टर्न कंपनियों को यह बर्दाश्त नहीं। वेस्टर्न कंपनियों अब भारतीय समाज को उपभोक्ता सोसायटी में तब्दील करना चाहती है। वेस्टर्न कंपनियों का मकसद भारतीय समाज को उधार पर समान खरीदने की आदत डालते हुए सेविंग खत्म करना है। इसलिए भाजपा एफडीआई का बड़े पैमाने पर विरोध कर रही है। नलिन कोहली ने कांग्रेस के इस तर्क को भी खारिज किया कि एफडीआई से ग्रामीण इलाकों सड़कें और कोल्ड स्टोर बनेंगे। इससे किसानों को फायदा होगा। नलिन कोहली ने कांग्रेस तर्क के जवाब में कहा कि एनडीए के शासनकाल में देश में सड़क निर्माण की गति 11 किमी प्रति दिन थी, जो अब घटकर मात्र दो किमी प्रति दिन रह गई है। देश के दुग्ध उत्पादकों को मार्केट प्राइज का 70 फीसदी हिस्सा मिलता है, लेकिन यूएसए और यूरोप में सिर्फ 30 फीसदी हिस्सा मिलता है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रचार सचिव ने यूपीए के शासनकाल में लगातार हो रहे घोटालों का मुद्दा भी उठाया। उन्हाेंने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व में यूपीए सरकार में हो रहे घोटालों ने देश को कंगाल बना दिया है। कोहली का कहना था कि बोफोर्स घोटाला तो सिर्फ 64 करोड़ रुपये तक ही सीमित था। मौजूदा घोटालों को लाखों करोड़ रुपये के हुए हैं। इस मौके पर अशोक कौल, विधायक अशोक खजूरिया, विधायक जुगल किशोर शर्मा, प्रदेश भाजपा महासचिव सतीश शर्मा और सत शर्मा सीए आदि प्रमुख रूप से मौजूद थे।