नंदनी के नजदीक एक महिला की मौत हो गई, जबकि अलग-अलग मामलों में शुक्रवार को कुल चार लोगों ने दम तोड़ा।
बस स्टैंड और उस्ताद मोहल्ले में दो लोग मृत मिले तो रायपुर सतवारी में एक अधेड़ की जहर निगलने से मौत हो गई। सभी मामलों में पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी के शवगृह में भेज दिया है। इसके साथ ही मामले दर्ज करके जांच भी शुरू कर दी गई है।
पहला मामला झज्झर कोटली थाना अंतर्गत नंदनी में हुआ। यहां जम्मू आ रही बाइक को एक टैंकर (जेके 01 पी 2797) ने टक्कर मार दी। इस हादसे में छलाड, धरमाड़ी निवासी चंचला देवी (30) गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने लोगों की मदद से चंचला देवी को पहले नजदीक के अस्पताल में भर्ती करवाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद महिला को जीएमसी रेफर कर दिया।
यहां पहुंचने के कुछ ही मिनटों के बाद महिला ने दम तोड़ दिया। दूसरे मामले में सतवारी थाना अंतर्गत रायपुर सतवारी में बिशन दास (55) ने अपने निवास स्थान पर जहर निगल लिया। हालत खराब होने पर जीएमसी पहुंचाया तो कुछ मिनटों के बाद उनकी मौत हो गई।
बस स्टैंड में 57 साल के एक अज्ञात व्यक्ति का शव शौचालय के पास मिला। एसएचओ भारत भूषण के मुताबिक लोगों ने जानकारी दी तो उन्होंने डोडा निवासी अली मोहम्मद राथर (57) के शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी पहुंचाया। बताया जा रहा है कि हृदयगति रुकने से उनकी मौत हुई है।
उस्ताद मोहल्ला में अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है, जिसे लोगों ने देखा तो पुुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी के शवगृह में भेज दिया है।