पाकिस्तान ने एक बार युद्ध विराम का उल्लघंन करते हुए भारतीय सीमा पर जबरदस्त फायरिंग की है। फायरिंग 15 अगस्त से ही लगातार रुक रुक कर जारी है। जिसमें अभी तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 20 लोग घायल हैं। घायलों का जम्मू के अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
जम्मू-कश्मीर के बालकोट सेक्टर में शनिवार दोपहर बाद से पाकिस्तानी फौज की तरफ से फायरिंग शुरू हो गई थी। इस फायरिंग में बालकोट गांव के मुखिया समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 लोग घायल हुए थे।
इनमें से तीन लोगों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायलों को इलाज के लिए हेलीकॉप्टर के जरिए जम्मू लाया गया। एक समाचार चैनल से बातचीत करते हुए पुंछ के डिप्टी पुलिस कमिश्नर निसार अहमद वानी ने यह जानकारी दी।
इससे पहले शनिवार सुबह को पाकिस्तान की तरफ से हुई फायरिंग में सब्जियान सेक्टर में दो लोग घायल हो गए थे। पिछले एक सप्ताह से यहां पर भारी फायरिंग की जा रही है। इसके चलते कई परिवारों को अपना घर छोड़कर वापस भी जाना पड़ा है।