जम्मू और कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में सेना के गुडविल स्कूल के 22 छात्रों का एलओसी के पास पकड़ा जाना चर्चा का विषय बना हुआ है। चर्चा है कि अपने अध्यापकों से नाराज ये छात्र पाकिस्तान कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) जाने की फिराक में थे। चर्चा है कि इन छात्रों ने वहां तक पहुंचने के लिए गूगल-मैप का प्रयोग किया।
सूत्रों की मानें तो यह घटना करीबन 15 दिन पुरानी है, जब सेना की 21 राष्ट्रीय राइफल (आरआर) के जवानों ने करीब 22 छात्रों को एलओसी के पास भारतीय क्षेत्र में लगभग तीन किलोमीटर अंदर बोवन गांव में पकड़ा था। यह सभी छात्र कुपवाड़ा जिले के अंतर्गत बडकूट आर्मी गुडविल स्कूल के छात्र है और सभी की उम्र 12 से 15 साल के बीच है। लेकिन पुलिस का कहना है कि छात्र वहां पिकनिक मनाने गए थे। उनके पीओके जाने की योजना की बात अफवाह है।
छह जुलाई को यह छात्र सुबह घर से स्कूल के लिए निकले थे, लेकिन स्कूल नहीं पहुंचे। वह बस में सवार होकर जच्लडारा पहुंचे। वहां से उन्होंने एलओसी की ओर पैदल सफर शुरू किया। इसके लिए उन्होंने जंगल का छोटा रास्ता चुना। एलओसी से तीन किमी पहले बोवन-वटसर गांव के बाहरी क्षेत्र में गश्त कर रहे सेना की 21 आरआर के जवानों ने उन्हें पहले आतंकी समझा।