- तैयारियां तेजी से जारी, 10 हजार मीटर की ऊंचाई पर 3 घंटे होगी भागवत कथा
चिनैनी से बदनसू तक वाहन फिर पैदल सफर तय करना पड़ेगा
संवाद न्यूज एजेंसी
चिनैनी। चिनैनी सब डिवीजन के अंतर्गत बाबा युग मेले को लेकर इस समय तैयारियां तेजी से जारी है। मेला पहाड़ की चोटी पर 31 मई को लगेगा। आयोजकों के अनुसार करीब 10 हजार मीटर की ऊंचाई पर मेले के दौरान 3 घंटे भागवत कथा भी होगी।
आयोजक व पूर्व सरपंच बलदेव सिंह ने बताया कि चिनैनी से बदनसू तक लोग वाहन से जा सकते हैं। इसकी लंबाई करीब 17 किलोमीटर है। इसके बाद लोगों को पैदल मार्ग करीब साढ़े चार किलोमीटर का सफर तय करना पड़ेगा। ऊंचाई पर स्थित बाबा युग स्थान पर पहुंचने के लिए लोगों को करीब ढाई से 3 घंटे का समय लगेगा।
उन्होंने बताया कि मेला स्थल पर साफ सफाई तथा मंदिर निर्माण का कार्य जारी है। वीरवार को मेले में लंगर की व्यवस्था को लेकर भी बैठक होगी। मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। अस्थायी दुकानें भी लगाई जाएंगी। मेले में नशा मुक्ति को लेकर भी लोगों को जागरूक किया जाएगा।
हेलीकॉप्टर सुविधा की उठाई मांग
बाबा युग मेले में हेलिकॉप्टर सुविधा लगाने की मांग स्थानीय लोगों ने की है। उन्होंने कहा कि कई लोग दुर्गम चढ़ाई की वजह से नहीं जा पाते हैं। स्थानीय निवासी दीपक चंद्र, हंसराज, रोहित, संजय, अमित तथा अन्य लोगों ने कहा कि बाबा युग मेले के लिए हेलिकॉप्टर की सुविधा होनी चाहिए। पहाड़ की चोटी पर ऐतिहासिक मेले का आयोजन होता है।