कर्ज लेकर स्थापित की इकाई, अब प्रशिक्षण के साथ महिलाओं को दे रहीं रोजगार
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की उम्मीद योजना के तहत मीनाक्षी देवी को मिली सफलता
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। जिले के कोईनाला लाटी की निवासी मीनाक्षी देवी ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) उम्मीद के तहत 2024 में बैंक ऋण के सहारे मसाला और अचार इकाई लगाकर स्वरोजगार शुरू किया।
इस इकाई से वह प्रति माह 12,000 रुपये कमा रहीं हैं। अब वह क्षेत्र की अन्य महिलाओं और लड़कियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रशिक्षण दे रहीं हैं ताकि वह भी अपनी आय बढ़ा सकें।
महिला उद्यमी मीनाक्षी देवी ने बताया कि उन्हें गरम मसाला, मसाला टिक्की, अचार बनाना बनाना आता था। इस कारण उन्होंने क्षेत्र में मसाला इकाई लगाने के बारे में सोचा ताकि क्षेत्र की अन्य महिलाओं और लड़कियों को प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाया जा सके।
इसके लिए उन्होंने एनआरएलएम उम्मीद के तहत वर्ष 2024 में बैंक से पांच लाख रुपये का ऋण लिया। हालांकि यह इकाई 8.15 लाख रुपये में लगी।
इस इकाई में मसाला टिक्की, गरम मसाला, चिकन मसाला, राजमा मसाला, आम का अचार और मिक्स अचार बनाकर स्थानीय बाजारों से आसपास के जिलों तक में बेचा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि यह इकाई सिर्फ डेढ़ साल पहले लगी है। इतने कम समय में भी क्षेत्र की कई महिलाओं और लड़कियों को प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाया गया है।
मीनाक्षी ने बताया कि उनका उद्यम ठीक चल रहा है। बैंक से लिया गया ऋण भी समय पर किस्त में चुकाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए केंद्र सरकार ने कई प्रकार की योजनाएं चलाईं हैं। अधिकतम महिलाओं को उन योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर बनना चाहिए।
फोटो सहित