उधमपुर। करीब दो महीने के बाद साप्ताहिक बंदी न लगने पर देविकानगरी के बाजार में शनिवार को रौनक नजर आई। हजारों की संख्या में लोगों ने बाजार पहुंच कर खरीदारी की। बाजार में इतनी भीड़ थी कि लोग सामाजिक दूरी का भी ख्याल नहीं रख रहे थे। अब प्रशासन व पुलिस ने लोगों को इसको लेकर जागरूक करना भी बंद कर दिया है। बाजार में रौनक बढ़ने पर दुकानदारों ने भी बहुत ज्यादा राहत महसूस की।
अप्रैल में कोरोना संकट बढ़ने के बाद सरकार की तरफ से पूरे प्रदेश में शनिवार व रविवार को कोरोना कर्फ्यू लगा दिया गया था। इसको करीब दो महीने तक लागू रखा गया। अनलॉक की प्रक्रिया शुरू होने के दो सप्ताह तक वीकेंड कोरोना कर्फ्यू को लगातार जारी रखा गया। लेकिन पिछले सप्ताह आठ जिलो से वीकेंड कोरोना कर्फ्यू को हटा दिया गया और इसमें एक जिला उधमपुर भी था। इसके हटने के बाद व्यापारियों ने बहुत राहत महसूस की। इसी के चलते शनिवार को बाजार में दिन भर रौनक नजर आई। हजारों की संख्या में लोग बाजार में खरीदारी करने के लिए पहुंचे थे। दोपहर तक बाजार पूरी तरह से गुलजार हो चुका था। बाजार में कहीं पर भी सामाजिक दूरी का पालन होता नजर नहीं आया। दुकानदारों ने भी अब ग्राहकों को समझाना और जागरूक करना बंद कर दिया है। हालांकि अच्छी बात यह है कि अब लोग मास्क पहनने के आदेश का पूरा पालन कर रहे हैं। पहले प्रशासन और पुलिस की टीमें लोगों को सामाजिक दूरी के नियम का पालन करने के लिए जागरूक करती थी, लेकिन अब इन टीमों ने जागरूक करना भी बंद कर दिया है।