उधमपुर। जिले में अक्तूबर माह के अंतिम दिनों में मौसम में बदलाव महसूस किया जाने लगा है। पिछले कई दिनों से लगातार निकल रही तेज धुप के बावजूद अब सुबह और शाम के समय ठंड का एहसास होने लगा है। हालांकि, मौसम के साफ रहने से अभी भी दिन के समय तेज धूप निकल रही है, लेकिन इसकी चुभन का एहसास अब लगभग खत्म हो गया है। शाम को पंखों और कूलर की जरूरत भी अब लगभग खत्म हो गई है।
शुक्रवार को भी दिनभर मौसम साफ रहा और तेज धूप निकली रही। इससे पहले सुबह के समय ठंड का असर महसूस किया जा रहा था, जिसके चलते अधिकतर स्थानों पर लोग अपने घरों की छतों व बरामदों में सुबह की शुरूआत में निकली गुनगुनी धुप का आनंद लेते नजर आए। वहीं, दिन चढ़ने के साथ ही धूप का असर तेज तो हुआ, लेकिन पहले के मुकाबले अब लोग इससे बचने का प्रयास करते नजर नहीं आए। कुल मिलाकर अक्तूबर माह के अंतिम दिनों में जिले में मौसम भी करवट लेने लगा है। वहीं, उधमपुर स्थित एयरफोर्स के मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तामपान 10.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।