कटड़ा। त्रिकुटा पर्वत पर शुक्रवार को भी दिनभर धुंध व बादल छाए रहने से हेलिकॉप्टर सेवा प्रभावित रही। हालांकि बैटरी कार और रोपवे सेवा दिनभर मां वैष्णो देवी के भक्तों के लिए जारी रही। हेलिकॉप्टर सेवा प्रभावित होने के कारण यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसके अलावा लगातार बारिश होने से भवन के आसपास तापमान में गिरावट आई है।
भवन से मिली जानकारी के अनुसार दिन भर बादल और धुंध छाई रहने के साथ ही हल्की बूंदाबांदी होती रही, जिसके कारण तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई। त्रिकुटा पर्वत पर पिछले सप्ताह से लगातार दिनभर धुंध रहने के कारण हेलिकॉप्टर सेवा प्रभावित चल रही है। इससे ऑनलाइन बुकिंग करवा चुके यात्रियों को काफी परेशानी हुई। उन्हें पालकी व घोड़ों का सहारा लेकर भवन की ओर प्रस्थान करना पड़ा। वहीं अर्धकुंवारी से भवन तक हिमकोटी मार्ग पर बैटरी कार सेवा बहाल रही। इससे यात्रियों को कुछ राहत मिली।
पंजीकरण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार वीरवार को 15289 भक्तों ने प्राकृतिक पिंडियों के दर्शन किए। शुक्रवार को ऑनलाइन सहित शाम सात बजे तक दस हजार के करीब भक्त पंजीकरण करवा कर भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे।