संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। पंचायत माली-पंगारा में जल जीवन मिशन योजना के तहत जल्द ही 20 हजार गैलन क्षमता का वाटर स्टोरेज टैंक बनाया जाएगा है। इस पर 39.12 लाख रुपये खर्च होंगे। इस वाटर टैंक के बनने से पंचायत माली, पंगारा और पट्ठी व इसके आसपास के इलाकों में पानी की किल्लत दूर होगी और पंचायत में हर घर नल और हर घर जल का सपना पूरा होगा।
स्थानीय निवासी निमिषा देवी, बलवीर सिंह, नीरज शर्मा, पवन सिंह व अन्य ग्रामीणों का कहना था कि पंचायत माली व पंगारा दूर दराज का पहाड़ी इलाका है। यहां हमेशा पानी की किल्लत बनी रहती है। खासकर गर्मी के दिनों में यह किल्लत काफी ज्यादा बढ़ जाती है। आसपास के प्राकृतिक जलाशयों से पानी ढोना पड़ता है। लेकिन इसमें पैदल चलने की दुश्वारी से काफी परेशानी पेश आती है। खासकर गर्मी के दिनों में प्राकृतिक जलाशयों का जल स्तर भी कम हो जाता है। जिससे अपने मवेशियों के लिए भी पानी का प्रबंध करना कठिन हो जाता है। इसलिए यहां जल जीवन मिशन के तहत चलाई जा रही जल आपूर्ति योजना से लोगों को काफी फायदा मिलेगा।
कोट..
वाटर स्टोरेज टैंक के लिए टेंडर हो गया है। इसके लिए चयनित भूमि की सफाई वगैरह के बाद आगे का काम भी जल्द शुरू किया जाएगा। इससे माली, पंगारा और पट्ठी का एरिया कवर होगा और पानी की समस्या दूर होगी।
-
जेई, मोहित, जलशक्ति विभाग