डोडा। उपायुक्त हरविंदर सिंह ने जिला पूंजीगत व्यय 2025-26 योजना के अंतर्गत मिनी सचिवालय स्थित रेशम उत्पादन नर्सरी के पास 30,000 गैलन क्षमता के भू-सेवा जलाशय के निर्माण कार्य का उद्घाटन किया। परियोजना के लिए अनुमानित लागत 22.49 लाख रुपये स्वीकृत की गई है।
उपायुक्त ने विकास कार्यों का निरीक्षण किया और समय पर कार्य पूर्ण व गुणवत्ता मानकों का पालन करने की आवश्यकता पर बल दिया।
इसके बाद उपायुक्त कार्यालय परिसर में मुख्य योजना अधिकारी (सीपीओ), पीएचई के वरिष्ठ अधिकारी और पीएचई विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में तीन पानी के टैंकरों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये टैंकर ग्रामीण क्षेत्रों, विशेष रूप से पंथन, चिराल्ला, ट्रोवन और जिले के अन्य जल संकटग्रस्त इलाकों में पानी की कमी को दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने बताया कि पानी के चार टैंकर जनसेवा के लिए उपलब्ध कराए गए हैं, जिनमेंतीन को रवाना किया गया। प्रत्येक टैंकर की क्षमता 9,000 लीटर है। संवाद