पाइपलाइन बिछाने और कनेक्शन देने के बावजूद लोग प्राकृतिक स्रोतों और बावलियों से पानी लाने को मजबूर
उधमपुर। शहर से करीब दस किलोमीटर दूर स्थित गंडाला पंचायत के बंजर केरी, चखड़ और कगैनी गांव के एक हजार लोग पिछले पांच महीनों से पीने के पानी की भारी किल्लत झेल रहे हैं। जल जीवन मिशन के तहत यहां लोगों के घरों में नल तो लगाए गए, लेकिन इनमें पानी नहीं आ रहा, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पाइपलाइन बिछाने और कनेक्शन देने के बावजूद लोग प्राकृतिक स्रोतों और बावलियों से पानी लाने को मजबूर हैं।
सूत्रों के मुताबिक दो साल पहले जल शक्ति विभाग ने जल जीवन मिशन के तहत गंडाला पंचायत में पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कई बड़े टैंक बनाए थे। मगर स्थिति यह है कि जिन घरों में नल लगाए गए हैं, वहां भी पानी नहीं पहुंच रहा।
गांववासियों में पंच सुभाष, जगन्नाथ, रामलाल, शंकर चंद, जिया लाल, गोविंद राम, पूर्ण चंद सहित अन्य ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत बेशक उनके घरों में कनेक्शन दे दिए गए, लेकिन पांच महीने से पानी नहीं आया। जब वे इस समस्या को लेकर विभाग के अधिकारियों के पास जाते हैं, तो उन्हें ठेकेदार से संपर्क करने की सलाह दी जाती है।
ग्रामीणों ने बताया कि जहां से वे पानी लाते हैं, वहां तक एक किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है। इतना ही नहीं, पानी के कम बहाव के कारण उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ता है। विभाग का कहना है कि पाइपलाइन ब्लॉक हो गई है, जिससे जल आपूर्ति बाधित हो रही है। ग्रामीणों ने जल शक्ति विभाग से जल्द से जल्द इस समस्या के समाधान की मांग की है ताकि उन्हें पानी की इस विकट समस्या से राहत मिल सके। संवाद
पंचायत में आ रही पानी की किल्लत को दूर करने के लिए विभाग की ओर से युद्ध स्तर पर मरम्मत का कार्य किया जा रहा है। जिसके चलते चार से पांच दिनों के अंदर पानी की समस्या पूरी पंचायत में दूर हो जाएगाी।
संदीप गुप्ता, एक्सईएन जलशक्ति विभाग