उधमपुर। शहर के बीचोंबीच पड़ते वार्ड नंबर छह की ओर जाने वाली गली की दशा दयनीय बनी हुई है। गली के बीचोंबीच बना गड्ढा आए दिन हादसों को न्योता दे रहा है।
हालांकि वार्ड वासी कई बार नगर परिषद से गलियों की मरम्मत करवाने की गुहार लगा चुके हैं लेकिन उसके बावजूद समस्या का समाधान आज तक नहीं हो सका है। गली के प्रवेश द्वार पर ही कचरे के ढेर लगे रहते हैं। कई बिजली के खंभे तारों का जंजाल बने हुए हैं। इस पर कई बिजली के मीटर के अलावा अन्य कई तारें लटक रही हैं। गली के बीचोंबीच बना गड्ढा आए दिन हादसों को न्योता दे रहा है। कई बार दोपहिया वाहन चालक इस गड्ढे की चपेट में आने से गिरकर घायल हो चुके हैं।
शहर निवासी राम प्रसाद का कहना था कि वार्ड की ओर जाने के लिए मुख्य गली के बीचोंबीच बना गड्ढा लोगों के साथ-साथ आने जाने वाले राहगीरों के लिए भी परेशानी का सबब बना हुआ है। कई बार दोपहिया वाहन चालक गिरकर घायल भी हो चुके हैं लेकिन उसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका।