उधमपुर। रिटी के कुपराला गांव में पिछले डेढ़ साल से पानी नहीं आ रहा है। मंगलवार को ग्रामीणों ने जल शक्ति विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। गांववासियों का कहना था कि जल जीवन मिशन (जेजेएम) के तहत गांव में हर घर नल तो लगा दिए गए हैं, जो किसी काम नहीं आ रहे।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले डेढ़ साल से घरों में पानी की एक बूंद तक नहीं आई है। निशांत सिंह, हरनाम सिंह, गणेश शर्मा सहित अन्य का कहना था कि गांव में नल तो लगाए गए है लेकिन जल नहीं है। उन्होंने बताया कि पिछले साल मई महीने से गांव में पानी की समस्या आ रही है। जिसको लेकर वे कई बार विभाग के आला अधिकारियों को अवगत करवा चुके हैं। लेकिन आज तक सिवाए आश्वासन के कुछ नहीं मिला।
उन्होंने कहा कि पानी न आने की वजह से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से यह कैसी स्कीम चलाई गई है जहां पर नल लोगों के घरों में लगने के बावजूद पानी नहीं आ रहा और लोग पानी के लिए तरस रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूरा गांव प्राकृतिक स्रोत्रों से पानी लाकर अपना गुजारा कर रहे हैं। उन्होंने विभाग से जल्द से जल्द गांव में पानी की आपूर्ति को बहाल करने की गुहार लगाई है ताकि समस्या से निजात मिल सके।