कटड़ा। श्री माता वैष्णो देवी मंदिर की यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ जारी है। मौसम सामान्य रहने के बावजूद दिन में तापमान बढ़ने से श्रद्धालुओं को मार्ग में हल्की गर्मी का अहसास हो रहा है लेकिन भक्तों का जोश कम नहीं हुआ है।
देशभर से आने वाले श्रद्धालु कटड़ा में पंजीकरण कराने के बाद परिवार सहित जयकारे लगाते हुए यात्रा शुरू कर रहे हैं।
देशभर में परीक्षाओं के चलते इन दिनों यात्रियों की संख्या सामान्य बनी है, जिससे बाजारों में हलचल तो है, पर भीड़ अपेक्षाकृत कम है। प्रतिदिन लगभग 15 से 20 हजार श्रद्धालु कटड़ा पहुंच रहे हैं।
24 फरवरी को 17,800 श्रद्धालुओं ने यात्रा की जबकि बुधवार शाम 6 बजे तक करीब 14,000 श्रद्धालु पंजीकरण कर भवन की ओर रवाना हो चुके थे। श्राइन बोर्ड द्वारा भोजन, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, सुरक्षा और विश्राम की समुचित व्यवस्था की गई है।