आपदा प्रबंधन दल, श्राइन बोर्ड, पुलिस, सीआरपीएफ के जवान और सहायता मित्र मार्ग पर मुस्तैद
संवाद न्यूज एजेंसी
कटड़ा। धूप और उमस के बावजूद मां वैष्णो देवी के श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर है। मंगलवार को जहां 30,500 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, वहीं बुधवार शाम पांच बजे तक करीब 20,000 श्रद्धालु पंजीकरण कराकर भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे। देशभर से भक्तों का आगमन लगातार जारी है।
बुधवार को त्रिकुटा पर्वत पर बादलों और गहरी धुंध के कारण हेलीकॉप्टर सेवा अधिकांश समय प्रभावित रही, हालांकि सुबह के समय कुछ उड़ानों का संचालन हुआ। इसके विपरीत, बैटरी कार, घोड़ा, पिट्ठू और पालकी जैसी अन्य सभी यात्री सुविधाएं सुचारु रूप से उपलब्ध रहीं और भक्तों ने इनका जमकर लाभ उठाया।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए आपदा प्रबंधन दल, श्राइन बोर्ड, पुलिस, सीआरपीएफ के जवान और सहायता मित्र मार्ग पर मुस्तैद हैं। अधिकारियों द्वारा भक्तों से निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए सुरक्षित यात्रा करने की अपील की जा रही है। वर्तमान में मां वैष्णो देवी की यात्रा बिना किसी विशेष परेशानी के पूरी तरह सुचारु रूप से चल रही है।