मां के भवन में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालु।
- बुजुर्गों और बच्चों के साथ यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को मुश्किलों का सामना करना पड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
कटड़ा। सप्ताहांत पर धर्मनगरी में माता वैष्णो देवी की यात्रा पर आए श्रद्धालुओं को एक बार फिर बरसात के मौसम में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। खराब मौसम के कारण रविवार को चौथे दिन भी हेलीकॉप्टर सेवा बंद रही। श्रद्धालुओं को बाणगंगा से अर्धकुंवारी तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ा।
रविवार शाम छह बजे तक 26,780 श्रद्धालु पंजीकरण करवा कर भवन की ओर रवाना हो चुके थे। जबकि शनिवार को सप्ताहांत पर 41,500 श्रद्धालु भवन में माथा टेकने पहुंचे थे। त्रिकुटा पर्वत पर धुंध छाई हुई है। लगातार चार दिन से हेलिकॉप्टर सेवाएं बाधित रहने के कारण श्रद्धालुओं को घोड़ा, पिट्ठू, पालकी अथवा पैदल ही यात्रा करनी पड़ रही है। इससे विशेषकर बुजुर्ग और छोटे बच्चों के साथ यात्रा करने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड और हेलिकॉप्टर संचालकों के मुताबिक खराब मौसम और सुरक्षा मानकों के चलते उड़ानों को स्थगित किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है। मौसम ठीक होते ही सेवाएं बहाल कर दी जाएंगी।
श्रद्धालुओं के पैदल चढ़ाई करने से मार्ग पर भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति देखी गई। श्राइन बोर्ड और स्थानीय प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे धैर्य रखें और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।