बस स्टैंड पर बने कक्ष के बाहर पंजीकरण के लिए खड़े श्रद्धालु
- शनिवार शाम छह बजे तक 29,000 श्रद्धालु पंजीकरण कार्ड के साथ भवन की ओर हुए रवाना
संवाद न्यूज एजेंसी
कटड़ा। स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां हो चुकी हैं। धर्मनगरी कटड़ा में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। माता वैष्णो देवी की यात्रा पर हजारों की संख्या में देश भर से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। शनिवार शाम छह बजे तक लगभग 29,000 श्रद्धालु पंजीकरण कार्ड के साथ भवन की ओर रवाना हुए। हर कोई मां के दर्शन के लिए आतुर नजर आ रहा है।
पंजीकरण कक्ष से मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार शाम छह बजे तक लगभग 28 हजार 500 श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के दरबार में माथा टेक अपनी हाजिरी लगा चुके थे । प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। यात्रा मार्ग पर सफाई व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सहायता और रुकने की समुचित व्यवस्था की गई है। इस बार मौसम भी श्रद्धालुओं के अनुकूल रहा। यात्रा में किसी प्रकार की बाधा नहीं आई।
दिन-रात माता के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना हुआ हे। कटड़ा रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी जा रही है। स्थानीय दुकानदारों और होटल व्यवसायियों के चेहरों पर भी रौनक लौट आई है। यात्रियों की संख्या में वृद्धि से स्थानीय अर्थव्यवस्था को बल मिल रहा है। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के मुताबिक अगले कुछ दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या में और बढ़ोतरी की संभावना है।
इसके चलते सभी आवश्यक प्रबंध पहले से ही किए जा रहे हैं। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं का उत्साह देखने लायक है। कोई परिवार के साथ पहुंच रहा है तो कोई नंगे पांव मां की भक्ति में लीन होकर चढ़ाई कर रहा है। हर कोई माता रानी के दर्शन करने को आतुर है।