उधमपुर। जिले में मंगलवार को चार हजार से अधिक लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई गई है। इनकी संख्या में प्रतिदिन बढ़ोतरी हो रही है। सुबह से लोग वैक्सीन लगवाने के लिए टीका केंद्रों तक पहुंचते रहे।
जिले में केंद्रों के साथ स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल टीमें शहर व ग्रामीण इलाकों में पहुंच कर लोगों को वैक्सीन लगा रही हैं। सोमवार को जिले में तीन हजार से अधिक लोगों को वैक्सीन लगाने में कामयाबी मिली थी। वहीं, मंगलवार को शाम तक कुल 4318 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। विभाग के अनुसार 18 से 44 आयु वर्ग में 343 लोगों को पहली और 2848 लोगों को दूसरी, 45 से 60 आयु वर्ग में 19 लोगों को पहली और 989 लोगों को दूसरी और 60 से अधिक आयु वर्ग में चार लोगों को पहली और 115 को दूसरी डोज लगाई गई है। जिले में करीब 55 प्रतिशत लोगों को दूसरी खुराक मिल चुकी है।