कोरोना वैक्सीन लगवाने लोगों की संख्या में बुधवार को बहुत ज्यादा बढ़ोतरी हुई है। शाम तक जिले के शहर व ग्रामीण इलाकों में कुल 4491 लोगों को वैक्सीन लगाई। सबसे अधिक 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों को वैक्सीन लगाई है। मंगलवार शाम को स्वास्थ्य विभाग को दस हजार से अधिक डोज उपलब्ध हुए और इसी कारण वैक्सीन लगवाने लोगों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है।
गौरतलब है कि वैक्सीन की कमी के कारण तीन दिन से कम संख्या में ही लोगों को वैक्सीन लग पा रही थी। वैक्सीनेशन सेंटर्स से हर रोज सैकड़ों लोग बिना वैक्सीन के घर लौट रहे थे। जिला अस्पताल में भी लोगों को वैक्सीन लगवाने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा था। तीन दिन तक जिले में हर रोज दो हजार से कम लोगों को ही वैक्सीन लग पा रही थी। लेकिन बुधवार को अचानक से इनकी संख्या में बढ़ोतरी हेे गई है।
मंगलवार शाम को स्वास्थ्य विभाग को दस हजार से अधिक डोज उपलब्ध हुई और इसी के साथ 50 से अधिक सेंटर में शाम तक कुल 4491 लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी थी। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार चार स्वास्थ्य कर्मचारियों ने दूसरी डोज, दो फ्रंट लाइन वर्कर्स को पहली डोज और 14 को दूसरी डोज, 18 से 44 आयु वर्ग में 2711 लोगों को पहली डोज लगाई गई है।
45 से 60 आयु वर्ग में 338 लोगों को पहली और 1067 लोगों को दूसरी डोज, 47 वरिष्ठ नागरिकों को पहली और 308 को दूसरी डोज लगाई गई है। बुधवार शाम तक स्वास्थ्य विभाग के पास 6510 डोज मौजूद थी। वीरवार को भी इनकी संख्या में बढ़ोतरी होने की संभावना है।