उधमपुर। यूनिवर्सिटी ग्रांट कमीशन (यूजीसी) के नियमों को प्रभावी रूप से लागू करने की मांग को लेकर बुधवार को एससी-एसटी-ओबीसी संगठन द्वारा शांतिपूर्ण रैली निकाली गई। इसकी शुरुआत गुरु रविदास चौक से हुई, जो गोल मार्केट, मुखर्जी बाजार, कोर्ट रोड और सलाथिया चौक से डीसी कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई।
प्रदर्शनकारियों ने हाथों में यूजीसी लागू करो, भेदभाव खत्म करो जैसे नारे लिखी तख्तियां और बैनर लेकर मार्च निकाला। पूरे मार्ग में नारेबाजी के माध्यम से मांगों को बुलंद किया। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
डीसी कार्यालय पहुंचकर प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा, जिसमें यूजीसी के नियमों को सख्ती से लागू करने और शैक्षणिक संस्थानों में आरक्षण संबंधी प्रावधान का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने की मांग की गई। यहां प्रो. तारानाथ, वरुण भगत, गणेश कुमार, एडवोकेट चौधरी मोहम्मद शफी व अन्य उपस्थित थे।