- ऑपरेशन-सह-अपराध समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। एसएसपी अमोद अशोक नागपुरे ने जिला पुलिस लाइन में रविवार को ऑपरेशन-सह-अपराध समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान एसएसपी ने सभी अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करने के निर्देश दिए।
बैठक में पूछताछ की कार्यवाही और अपराध प्रवृत्तियों, नए आपराधिक कानूनों और साइबर अपराध मामलों के कार्यान्वयन की समीक्षा, अदालती आदेशों का निष्पादन, मादक पदार्थों की तस्करी, गोवंश तस्करी, महिलाओं के विरुद्ध अपराध आदि विषयों पर चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त भगोड़ों की गिरफ्तारी, चोरी व सेंधमारी के मामलों को सुलझाने और अदालती प्रक्रियाओं के निष्पादन में प्रगति, संवेदनशील व असुरक्षित क्षेत्रों में निवारक पुलिसिंग उपायों पर जोर दिया गया।
एसएसपी ने मामलों में प्रभावी सुनवाई और दोषसिद्धि के लिए अभियोजन अधिकारियों के साथ समन्वय को मजबूत करने और सामुदायिक सहभागिता और शिकायत निवारण करने को कहा। उन्होंने कहा कि विश्वास निर्माण के लिए नियमित पुलिस-पब्लिक बैठकों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। बाढ़ बचाव, तैयारियों और आपदा प्रबंधन की समीक्षा भी गई जिसमें जनशक्ति, उपकरणों की तैयारी और नागरिक प्रशासन के साथ समन्वय शामिल रहा।
इसके साथ राष्ट्रीय राजमार्ग प्रबंधन और यातायात नियमन की समीक्षा, साथ ही भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में तत्काल सहायता के लिए जनशक्ति की तैनाती और पुलिस टीमों की उपलब्धता सहित बसंतगढ़ उपमंडल के डुडू में आतंकवाद विरोधी अभियान, जिसमें क्षेत्र में नियंत्रण, निगरानी और आतंकवाद विरोधी उपायों को तेज करने के निर्देश दिए गए। जिले में महत्वपूर्ण और संवेदनशील प्रतिष्ठानों की सुरक्षा पर भी चर्चा हुई।
एसएसपी ने अधिकारियों को उच्च सतर्कता बनाए रखने, जन-केंद्रित दृष्टिकोण अपनाने और नशीले पदार्थों, साइबर अपराधों और अन्य सामाजिक बुराइयों के खिलाफ अभियान तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने व्यावसायिकता, जवाबदेही और जनता के मुद्दों पर त्वरित प्रतिक्रिया पर भी जोर दिया। बैठक में एएसपी, एसडीपीओ, डीएसपी पीसी, सीनियर पीओ डीपीओ, पीओ डीपीओ, प्रोबेश्नरी डीएसपी, एसएचओ और जिले के प्रभारी पुलिस अधीक्षक उपस्थित थे।