संवाद न्यूज एजेंसी
रामनगर। बरसात का सीजन शुरू होते ही नगर पालिका की ओर से डेंगू के मच्छर के खात्मे के लिए फॉगिंग शुरू की गई है। यह मुहिम दो माह तक जारी रहेगी। ईओ शशिकांत ने बताया कि बरसात के मौसम में डेंगू जैसी संक्रमित बीमारियों का खतरा अधिक बढ़ जाता है। वीरवार को नगर पालिका के कर्मियों ने मुख्य बाजारों में फॉगिंग की है।
उन्होंने बताया कि मौसमी बीमारियों की रोकथाम को लेकर दूसरे दिन भी कस्बे के वार्ड पांच मस्जिद मोहल्ले के साथ सभी नालियों पर दवाई का छिड़काव किया। साथ ही अगले दो माह तक लगातार कर्मियों की ओर से प्रत्येक गली-मोहल्ले में दवाई का छिड़काव किया जाएगा, ताकि मच्छरों से मुक्ति मिल सके। उन्होंने कस्बे के लोगों से कूलर सहित अन्य बर्तनों में पानी जमा न होने देने, स्वच्छता बनाए रखना, गंदगी न फैलाने, कचरा एवं मलबा कूड़ेदान में ही डालने और घर का कचरा नगर पालिका के वाहनों में ही डालने का आह्वान किया है।