शुक्रवार को असंतुलित होकर गिर गया था नदी में
संवाद न्यूज एजेंसी
रामनगर। बसंतगढ़ तहसील के खनेड़ गांव के अंतर्गत उज्ज दरिया में डूबे युवक का शव शनिवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने बरामद कर लिया। मृतक की पहचान मंजूर अहमद (26) पुत्र रहमा निवासी बनिहाल के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार युवक दो माह से इसी गांव में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत मार्ग निर्माण कार्य में बतौर श्रमिक काम कर रहा था। शुक्रवार को युवक उज्ज दरिया के पास एक बड़े पत्थर पर बैठा था और संतुलन बिगड़ने पर दरिया में गिर गया। पास खड़े अन्य साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह आंखों से ओझल हो गया।
सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और पुलिस के साथ युवक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहे। शनिवार सुबह एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची और साढ़े 11 बजे युवक का शव बरामद हुआ।