रामनगर-जंद्राड़ी मार्ग पर गुंधिया इलाके में सुबह के समय हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
रामनगर। रामनगर के गुंदिया इलाके में एक ऑटो लोड कैरियर के पलटने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हुए हैं। मृतक महिला की पहचान चंचला देवी (53) पत्नी प्रेमनाथ निवासी जंद्राड़ी के रूप में हुई है। उप जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को छुट्टी दे दी गई है। वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह रामनगर-जंद्राड़ी मार्ग पर जंद्राड़ी से रामनगर की ओर आ रहा ऑटो लोड कैरियर (जेके02सीजी1962) गुंधिया इलाके में तीखे मोड़ पर अनियंत्रित हो कर पैराफिट से टकरा कर सड़क पर पलट गया। हादसे में ऑटो सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि चालक व एक बच्चे सहित छह लोग घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घायलों को उपजिला अस्पताल पहुंचाया, जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। इस संबंध में रामनगर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।
यह लोग हुए घायल
सुमन देवी (25) पत्नी संजय कुमार, संजय कुमार (32) पुत्र प्रेमनाथ, मन्नत शर्मा (03) पुत्र संजय कुमार, योगराज (30) पुत्र रत्न चंद, सुनील कुमार (25) पुत्र परस राम और सतवीर शर्मा (30) पुत्र हंसराज सभी निवासी जंद्राड़ी शामिल हैं।