14 सितंबर को हाईवे पर पंथ्याल के पास खाई में गिराया गया था ट्रक
आरोपियों में ट्रक मालिक भी शामिल, वारदात में शामिल वाहन व सूखे मेवे भी बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
रामबन। जिला पुलिस ने रामसू पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में एक फर्जी दुर्घटना मामले को सुलझाने का दावा किया है। इसमें रविवार को ट्रक मालिक और चालक सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार गत 14 सितंबर को पुलिस स्टेशन रामसू को सूचना मिली थी कि जम्मू से श्रीनगर की ओर जा रहा ट्रक (जेके20सी3611) हाईवे पर पंथ्याल क्षेत्र में खाई में गिर गया था। ट्रक को मोहम्मद शबीर निवासी तुली (रियासी) चला रहा था।
सूचना के बाद पुलिस स्टेशन रामसू में मामला दर्ज किया गया और एसडीपीओ बनिहाल के नेतृत्व में एसएचओ रामसू के नेतृत्व में टीम ने घटनास्थल का दौरा किया। इसमें उन्हें कुछ गड़बड़ी मिली।
एसएसपी कुलबीर सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दुर्घटना के पीछे के तथ्य का पता लगाने के लिए एक विशेष पुलिस टीम गठित की। जांच के बाद ट्रक चालक से पूछताछ की गई। इसके बाद फर्जी हादसे का खुलासा हुआ। बताया कि 12 सितंबर को ट्रक मालिक मोहम्मद अब्दुल्ला निवासी तुली, तहसील चसाना (रियासी) के निर्देश पर उसने गंग्याल से श्रीनगर के लिए सूखे मेवों की खेप लोड की।
12 व 13 सितंबर की मध्यरात्रि खेप को ट्रक के मालिक ने दो और व्यक्तियों के साथ बन टोल प्लाजा क्षेत्र के पास एक अन्य ट्रक में स्थानांतरित कर दिया। श्रीनगर में पहुंचाने के लिए ट्रक में केवल 10-15 बक्से रखे। ट्रक के मालिक ने खेप को दबाने के लिए आपराधिक साजिश रची। नबी निवासी तुली को पंथयाल क्षेत्र में ट्रक की दुर्घटना का प्रबंधन करने का निर्देश दिया। इसके बाद चालक ने ट्रक को खाई में गिरा कर मेवों के डिब्बे फैला दिए, ताकि दुर्घटना प्राकृतिक लगे। इसके बाद वह मौके से फरार हो गए।
पुलिस टीम ने अपराध में शामिल चार लोगों को गिरफ्तार कर सूखे मेवों के डिब्बे और अपराध में शामिल वाहन जब्त कर लिया है।
आरोपियों की पहचान मोहम्मद शब्बीर, मोहम्मद अब्दुल्ला, अयाज अहमद सभी निवासी तुली चसाना जिला रियासी और इबरार अली निवासी वार्ड 06 नौशेरा के रूप में हुई है। मामले की आगे की जांच जारी है।