पूर्व बीडीसी चेयरमैन ने किया समर्थन, महिलाएं बोलीं- शराब की दुकान मंजूर नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। शहर से लगती सरसू पंचायत के सरमाटा में खोली गई शराब की दुकान को शनिवार को दूसरे दिन विरोध जारी रहा। पूर्व बीडीसी चेयरमैन जगानू संजीत शर्मा ने लोगों का समर्थन किया और ग्रामीणों के साथ प्रदर्शन कर दुकान को बंद करने की मांग उठाई।
पूर्व बीडीसी चेयरमैन ने कहा कि सरकार को चाहिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएं न कि शराब की दुकानें खोलकर युवाओं को नशे की गर्त में धकेला जाए। पुरुआ जागीर की पूर्व सरपंच सुनीता के नेतृत्व में महिलाओं ने दुकान के आगे धरना जारी रखा। पूर्व सरपंच ने कहा कि जब तक शराब की दुकान को स्थानांतरित नहीं किया जाता तब तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। अगर दुकानदार को मजालता में शराब की दुकान खोलने का लाइसेंस दिया गया है तो फिर वह यहां पर क्यों दुकान खोली गई है। क्षेत्र में किसी भी कीमत पर शराब की दुकान को नहीं खोलने दिया जाएगा। बरमीन में भी शराब की दुकान खोलने का विरोध हुआ था। उन्होंने कहा कि प्रशासन से मामले को लेकर बात चल रही है। प्रशासन से आग्रह है कि जल्द शराब की दुकान को यहां से स्थानांतरित किया जाए। इस मौके पर बड़ी संख्या में महिलाएं और लोग मौजूद रहे।